कानपुर। जनसुनवाई और शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के मामले में कानपुर नगर पुलिस कमिश्नरेट ने एक बार फिर प्रदेश में अपना दबदबा कायम किया है। शासन द्वारा जारी मार्च 2026 की आईजीआरएस मासिक रैंकिंग में कानपुर नगर ने लगातार दूसरी बार उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर उल्लेखनीय सफलता दर्ज की है। इससे पहले फरवरी माह में भी कमिश्नरेट ने पहला स्थान प्राप्त किया था।
इस उपलब्धि के पीछे सबसे बड़ा कारण शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण रहा है। जारी आंकड़ों के अनुसार, शिकायतों के समाधान के बाद आवेदकों से प्राप्त फीडबैक में 94.09 प्रतिशत का उच्च स्कोर दर्ज किया गया, जिसके आधार पर विभाग को पूरे 30 में से 30 अंक मिले। वहीं, शिकायतकर्ताओं से संपर्क बनाए रखने के मामले में 96.18 प्रतिशत प्रदर्शन के साथ 10 में से 10 अंक हासिल हुए।
इस सफलता में रघुवीर लाल (पुलिस कमिश्नर) के कुशल नेतृत्व और सख्त मॉनिटरिंग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके निर्देशन में कमिश्नरेट के सभी 52 थानों ने जनशिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और गुणवत्ता को प्राथमिकता दी। समय-समय पर दिए गए सुधारात्मक निर्देशों के कारण कार्यप्रणाली में उल्लेखनीय बदलाव देखने को मिला है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पुलिस कमिश्नर ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की और भविष्य में भी इसी सेवा भाव और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
सफलता के उपलक्ष्य में प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कारों की घोषणा भी की गई है। सभी थानों के आईजीआरएस कर्मियों को जोन स्तर पर संबंधित डीसीपी द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे, जबकि आईजीआरएस प्रभारी और चारों जोनों के प्रभारियों को पुलिस कमिश्नर द्वारा व्यक्तिगत रूप से सम्मानित किया जाएगा।
कानपुर पुलिस जनता की समस्याओं को सुनने और उनके प्रभावी समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। आईजीआरएस रैंकिंग में यह सफलता टीम की कड़ी मेहनत, पारदर्शिता और जवाबदेही का परिणाम है, और यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
— पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर
आईजीआरएस में कानपुर पुलिस फिर नंबर-1