आंधी में पेड़ गिरा, ऑटो सवार महिला की मौत, बेटी की हालत गंभीर

कानपुर। शनिवार शाम आए तेज आंधी-तूफान ने शहर में एक दर्दनाक हादसे को जन्म दे दिया। काकादेव थाना क्षेत्र में कुलवंती अस्पताल के पास एक चलते ऑटो पर अचानक विशालकाय पेड़ गिर गया, जिससे उसमें सवार एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम के समय मौसम अचानक बिगड़ गया और तेज आंधी के बीच सड़क किनारे खड़ा एक पुराना पेड़ जड़ से उखड़कर सीधे गुजर रहे ऑटो पर आ गिरा। पेड़ का वजन इतना अधिक था कि ऑटो पूरी तरह पिचक गया और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे के वक्त ऑटो में नवाबगंज क्षेत्र के सुखऊ पुरवा निवासी एक ही परिवार की तीन महिलाएं सवार थीं। 62 वर्षीय जमुना देवी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी ज्योत्सना गंभीर रूप से घायल हो गईं। ज्योत्सना को तुरंत मधुराज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं जमुना देवी की बहन राजकुमारी इस हादसे में बाल-बाल बच गईं, लेकिन गहरे सदमे में हैं।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर पेड़ की टहनियों को हटाते हुए घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि शनिवार को आए इस चक्रवाती तूफान ने शहर के कई इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया है। जगह-जगह पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से यातायात भी बाधित हुआ। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान पेड़ों और जर्जर संरचनाओं से दूर रहें, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद