कानपुर। सचेंडी क्षेत्र में स्थित एक फैक्ट्री के कबाड़ में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि समय रहते दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, देर रात करीब साढ़े बारह बजे अग्निशमन विभाग को भीमसेन थाना क्षेत्र के सचेंडी स्थित कला का पुरवा में एक फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पनकी और फजलगंज फायर स्टेशन से कुल तीन दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया।
दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और अथक प्रयासों के बाद आग को पूरी तरह बुझा लिया। बताया जा रहा है कि आग फैक्ट्री में रखे कबाड़ में लगी थी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।
गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में आग फैलने की आशंका टल गई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। अग्निशमन विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
सचेंडी फैक्ट्री के कबाड़ में भीषण आग, दमकल की मुस्तैदी से टली बड़ी घटना