कानपुर। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मानजनक माहौल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने अहम कदम उठाया है। अब लाल लाजपत राय हैलट अस्पताल में 12 महिला सुरक्षा गार्डों की तैनाती कर दी गई है, जिससे महिला मरीजों, तीमारदारों और स्टाफ को बेहतर सुरक्षा मिल सकेगी।
यह पहल उत्तर प्रदेश सरकार की महिला सशक्तिकरण योजना के तहत की गई है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ संजय काला के प्रयासों से यह व्यवस्था लागू की गई है। महिला सुरक्षा को मजबूत करने के लिए पूर्व सैनिक कल्याण निगम के माध्यम से इन महिला गार्डों की नियुक्ति की गई है।
कॉलेज एवं संबद्ध चिकित्सालयों में आने वाली महिला मरीजों, उनके परिजनों, महिला डॉक्टरों और स्टाफ को सुरक्षित व सहज वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। विशेष रूप से संवेदनशील स्थानों पर चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
इस दौरान उप-प्राचार्य डॉ ऋचा गिरी, प्रमुख अधीक्षक डॉ सौरभ अग्रवाल और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक व नोडल अधिकारी डॉ अनुराग राजौरिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने महिला गार्डों को अस्पताल परिसर में सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
महिला गार्डों की तैनाती मुख्य रूप से आकस्मिक (इमरजेंसी) विभाग में की गई है, जहां वे महिला मरीजों और तीमारदारों की सहायता भी करेंगी। अस्पताल प्रशासन का स्पष्ट उद्देश्य है कि यहां आने वाली हर महिला को सुरक्षित, सम्मानजनक और सहयोगपूर्ण माहौल मिल सके।
हैलट अस्पताल में बढ़ी महिला सुरक्षा, 12 महिला गार्ड तैनात