कानपुर मंडल में परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से सम्भागीय परिवहन प्राधिकरण की अहम बैठक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता आयुक्त कानपुर मंडल के. विजयेंद्र पांडियन ने की, जिसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में सदस्य के रूप में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र) आर.आर. सोनी तथा सचिव के रूप में सम्भागीय परिवहन अधिकारी राकेन्द्र कुमार सिंह उपस्थित रहे। इस दौरान एजेण्डा बिन्दुओं से संबंधित आवेदकों और मोटर ऑपरेटर्स को व्यक्तिगत रूप से बुलाकर उनकी समस्याएं सुनी गईं और सभी मामलों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
विचारोपरांत कैरेज बाई रोड एक्ट 2007 के अंतर्गत “कॉमन कैरियर” श्रेणी में एक नए पंजीकरण को स्वीकृति दी गई, जबकि सात नवीनीकरण आवेदनों पर भी निर्णय लिया गया। वहीं नियमों के उल्लंघन पर सख्त रुख अपनाते हुए Motor Vehicles Act 1988 की धारा 84 के तहत निर्धारित शर्तों का पालन न करने वाले मामलों में कार्रवाई करते हुए धारा 86 के अंतर्गत नौ परमिट निरस्त कर दिए गए।
इसके अलावा औरैया–घटियाघाट मार्ग से जुड़े स्थायी स्टेज कैरेज परमिट संख्या 2585/एससी/2010 के अंतर्गत संचालित वाहन को हटाए जाने तथा उसी मार्ग के लिए नए परमिट के आवेदन के चलते संबंधित परमिट को निरस्त करने का निर्णय भी लिया गया।
बैठक में परमिट पर उच्च मॉडल के वाहनों के पृष्ठांकन से संबंधित विलंबित दो आवेदनों पर भी विचार कर आवश्यक निर्णय लिए गए। इसके साथ ही शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कानपुर महानगर बस सेवा के रूट संख्या 16 (कम्पनी बाग से सजारी) को बढ़ाकर गंगा बैराज तक विस्तारित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा कर निर्णय लिया गया।
शहर में आधुनिक परिवहन सुविधाओं के विस्तार को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा प्रस्तावित नए मेट्रो मार्गों के सृजन से संबंधित विषय पर भी बैठक में गहन विचार-विमर्श किया गया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
प्राधिकरण की इस बैठक को परिवहन व्यवस्था में अनुशासन, पारदर्शिता और सुविधा बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि इन फैसलों से न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि आम जनता को भी सुरक्षित और सुगम परिवहन सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
परिवहन प्राधिकरण की बैठक में बड़ा एक्शन, 9 परमिट निरस्त—बस रूट विस्तार और नए प्रस्तावों पर मुहर