कानपुर। शहर के पनकी थाना क्षेत्र स्थित माया हॉस्पिटल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पूर्व मरीज द्वारा अस्पताल संचालक को जान से मारने और अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी दिए जाने से हड़कंप मच गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
अस्पताल के एमडी आदित्य विश्वकर्मा ने इस संबंध में थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। शिकायत के अनुसार, कृष्णा नाम का एक मरीज 17 जनवरी 2026 को अस्पताल में भर्ती हुआ था। दो दिन तक इलाज चलने के बाद 20 जनवरी को वह बिना बिल का भुगतान किए और बिना औपचारिक डिस्चार्ज लिए ही अस्पताल से चला गया।
बताया जा रहा है कि करीब दो महीने बाद अब वही मरीज अपने एक साथी राजनारायण (पुत्र श्यामलाल) के साथ मिलकर अस्पताल प्रबंधन को फोन पर लगातार गाली-गलौज कर रहा है। इतना ही नहीं, दोनों द्वारा अस्पताल को बम से उड़ाने और जान से मारने की धमकी दी जा रही है, जिससे अस्पताल स्टाफ और मरीजों में दहशत का माहौल बन गया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पनकी थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। चौकी प्रभारी को मौके पर भेजकर पूरे प्रकरण की पड़ताल करने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सार्वजनिक स्थल और चिकित्सा संस्थान जैसे संवेदनशील स्थान को धमकी मिलने से चिकित्सा जगत में रोष व्याप्त है। स्थानीय लोगों और अस्पताल कर्मियों ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
पनकी के माया हॉस्पिटल को बम से उड़ाने की धमकी, दबंग मरीज की गुंडागर्दी से दहशत