नगर आयुक्त का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर 5 लाख का जुर्माना

कानपुर। शहर की सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए नगर आयुक्त ने मंगलवार को शहर का तूफानी दौरा कर कई क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। भैरोंघाट पंपिंग स्टेशन से लेकर पनकी मंदिर तक किए गए इस सघन निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर अनियमितताएं सामने आने पर नगर आयुक्त ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने एक कार्यदायी संस्था पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया, जबकि कर्तव्यपालन में लापरवाही बरतने वाले कई जोनल अधिकारियों और राजस्व निरीक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त के साथ मुख्य अभियंता (सिविल) एस.एफ.ए. जैदी सहित जोन-4 और जोन-5 के जोनल अभियंता तथा स्वच्छता अधिकारी मौजूद रहे। टीम ने भैरोंघाट पंपिंग स्टेशन, कम्पनी बाग, नवाबगंज, आजाद नगर, विष्णुपुरी, अटल घाट, विकास नगर, गुरूदेव टाकीज चौराहा, बगिया क्रॉसिंग, सिलेंडर चौराहा (आवास विकास-1), केशवपुरम, मसवानपुर और पनकी मंदिर क्षेत्र का निरीक्षण किया।
सड़क निर्माण में देरी पर कार्रवाई
विकास नगर क्षेत्र में सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्य की धीमी प्रगति और मानकों के अनुरूप बैरीकेटिंग न होने पर नगर आयुक्त ने कड़ा संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाने के साथ ही नोटिस जारी करने के आदेश दिए।
अवैध पार्किंग और गंदगी पर फटकार
अटल घाट क्षेत्र में अवैध पार्किंग संचालित पाए जाने पर नगर आयुक्त ने जोन-4 के जोनल अधिकारी राजेश सिंह और राजस्व निरीक्षक विनीत वर्मा को स्पष्टीकरण के लिए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं घाट परिसर में गंदगी मिलने पर जोनल स्वच्छता अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई गई।
अतिक्रमण हटाने के निर्देश
मुख्य मार्गों और पटरियों पर अवैध ठेलों तथा अस्थाई अतिक्रमण को लेकर भी नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने जोन-6 के जोनल अधिकारी को तत्काल अभियान चलाकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए।
नाला सफाई और सुविधाओं पर जोर
नगर आयुक्त ने नालों की तलीझार सफाई युद्धस्तर पर कराने के निर्देश देते हुए कहा कि नालों से निकाली गई सिल्ट (कीचड़) को तुरंत वहां से हटाया जाए ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
इसके साथ ही सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई, रंगाई-पुताई और मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने शौचालयों के खुले हिस्सों को बंद करने और मूत्रालयों को अंदर शिफ्ट करने को भी कहा।
पारदर्शिता के लिए बोर्ड लगाने के निर्देश
नगर आयुक्त ने 15वें वित्त आयोग के तहत कराए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाने के लिए संबंधित स्थानों पर विवरण बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को कार्य की लागत और प्रगति की जानकारी मिल सके।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि शहर की सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद