कानपुर। गोविंद नगर से विधायक Surendra Maithani ने पनकी स्थित ‘ए-टू-जेड’ कूड़ा डंप स्थल का निरीक्षण कर नगर निगम अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। क्षेत्र में सुलग रही आग और उससे निकलने वाली जहरीली गैस से पनकी, जमुई, बधुआपुर और सरायमीता क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहे प्रभाव को देखते हुए उन्होंने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डंप स्थल पर कई जगह आग सुलगती मिलने पर विधायक ने नाराजगी जताई और मौके से ही Arpit Upadhyay से फोन पर बात कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कागजी कार्रवाई के बजाय जमीन पर ठोस परिणाम दिखने चाहिए।
विधायक ने निर्देश दिया कि डंप स्थल की बाउंड्री के चारों ओर छह बड़े ट्यूबवेल लगाए जाएं और पूरे परिसर में फायर ब्रिगेड की तर्ज पर पाइपलाइन बिछाकर उन्हें ट्यूबवेल से जोड़ा जाए, ताकि मीथेन गैस से लगने वाली आग को तुरंत पानी की बौछारों से बुझाया जा सके।
उन्होंने कहा कि जहरीली गैस के कारण क्षेत्र के लोग गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं और इस स्थिति को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विधायक ने नगर आयुक्त को एक सप्ताह के भीतर पूरे प्रोजेक्ट की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए और भरोसा दिलाया कि जरूरत पड़ने पर वह नगर विकास मंत्री व Yogi Adityanath से विशेष बजट की व्यवस्था भी कराएंगे।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अधिशासी अभियंता कमलेश पटेल, अवर अभियंता दिनेश कुमार सहित क्षेत्र के पार्षद और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।
ए-टू-जेड डंप स्थल पर पहुंचे विधायक, अधिकारियों को फटकार