केडीए का अवैध निर्माण पर बड़ा एक्शन

कानपुर। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने अवैध निर्माण और बिना स्वीकृत मानचित्र के विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ सोमवार को बड़ा अभियान चलाते हुए कई स्थानों पर सख्त कार्रवाई की। केडीए उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल और सचिव अभय कुमार पांडेय के निर्देश पर प्रवर्तन दल (जोन-1बी) ने बैरी अकबरपुर और सिंहपुर क्षेत्र में छापेमारी कर लगभग 4 बीघे में बने अवैध व्यावसायिक निर्माणों को सील कर दिया, जबकि करीब 50 बीघे में की जा रही अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ नोटिस जारी किए गए हैं।
विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) एवं उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम ने बैरी अकबरपुर स्थित आराजी संख्या 929 और 930 पर कार्रवाई की। यहां श्री हरि मोहन गुप्ता और अन्य लोगों द्वारा लगभग 2-2 बीघा यानी कुल करीब 4 बीघे क्षेत्रफल में मानकों के विपरीत होटल और गेस्ट हाउस का निर्माण कराया जा रहा था। केडीए के अनुसार इन निर्माणों के लिए प्राधिकरण से कोई स्वीकृत मानचित्र नहीं लिया गया था।प्राधिकरण द्वारा पहले ही संबंधित पक्षों को पुलिस पत्र और कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद वहां चोरी-छिपे निर्माण कार्य जारी रखा गया। इसके बाद सोमवार को केडीए की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और दोनों परिसरों को सील कर दिया। सील किए गए इन परिसरों को आगे की कार्रवाई तक थाना कल्याणपुर की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है।इसके अलावा प्रवर्तन दल ने गम्भीरपुर और सिंहपुर बाजार रोड क्षेत्र में भी जांच अभियान चलाया। यहां दो अलग-अलग समूहों द्वारा बड़े पैमाने पर अवैध प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी। जांच में सामने आया कि अभिमन्यु और गौरव भदौरिया द्वारा लगभग 32 बीघा भूमि पर बिना स्वीकृत मानचित्र के प्लॉटिंग और विकास कार्य किया जा रहा था। वहीं रामलाल और अन्य लोगों द्वारा करीब 18 बीघा भूमि पर अवैध तरीके से प्लॉटिंग की जा रही थी।
इन दोनों मामलों में केडीए ने संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो इन स्थानों पर अवैध निर्माणों को हटाने के लिए बुलडोजर कार्रवाई की जाएगी।
ओएसडी डॉ. रवि प्रताप सिंह ने बताया कि ग्राम सिंहपुर कछार और गंगपुर चकबदा में भी करीब 11 बीघा क्षेत्रफल में अवैध निर्माण किए जाने की शिकायत मिली है। इन अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने के लिए 17 मार्च 2026 की तिथि निर्धारित की गई है। पुलिस बल की उपलब्धता के आधार पर उस दिन व्यापक ध्वस्तीकरण अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की ठगी और आर्थिक नुकसान से बचने के लिए केवल केडीए से स्वीकृत कॉलोनियों में ही प्लॉट खरीदें। प्लॉट खरीदने से पहले उसका नक्शा और ले-आउट अच्छी तरह जांच लें और किसी भी संदेह की स्थिति में केडीए कार्यालय से जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता हिमांशु बर्नवाल, सुपरवाइजर राम औतार, मनोज कुमार, राज कुमार और लाल सिंह सहित प्रवर्तन टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे। वहीं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कल्याणपुर थाने की पुलिस भी मौके पर तैनात रही। केडीए अधिकारियों ने बताया कि अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ आगे भी इसी तरह अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद