नेपाल से घी के डिब्बों में छिपाकर लाई जा रही चरस, दो तस्कर गिरफ्तार

कानपुर। क्राइम ब्रांच टीम और थाना फीलखाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में रविवार को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने फीलखाना क्षेत्र से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 1.5 किलोग्राम चरस बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आशु निगम और नौशाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी काफी समय से शहर में मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे थे। एसओजी प्रभारी एवं अपर पुलिस उपायुक्त सुमित सुधाकर रामटेके ने बताया कि पूछताछ में यह तथ्य सामने आया है कि चरस नेपाल से गोरखपुर के रास्ते कानपुर लाई जाती थी। इसके बाद शहर के फीलखाना और आसपास के इलाकों में इसे छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर सप्लाई किया जाता था।
तस्करी को छिपाने के लिए अभियुक्त बेहद शातिर तरीका अपनाते थे। वे स्टील या प्लास्टिक के कंटेनर अथवा बोतलों में नीचे की तरफ चरस छिपाकर उसके ऊपर घी भर देते थे, जिससे जांच के दौरान शक न हो सके।
प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि दोनों अभियुक्त पिछले तीन से चार वर्षों से इस अवैध कारोबार में संलिप्त हैं। इनके खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हो चुके हैं और इन्हें जेल भी भेजा जा चुका है।
पुलिस आयुक्त के निर्देशन में मादक पदार्थों जैसे चरस, गांजा और अन्य नारकोटिक्स के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार अभियुक्तों से गहन पूछताछ की जा रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद