कानपुर। शुक्रवार देर रात शहर के दो अलग-अलग इलाकों में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। हालांकि दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग पर काबू पा लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
पहली घटना थाना जूही क्षेत्र में ‘पॉपुलर धर्म कांटा’ के पास स्थित एक फर्नीचर की दुकान में हुई। देर रात करीब 12:31 बजे आग लगने की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। उत्तर प्रदेश अग्निशमन सेवा की फजलगंज और किदवई नगर फायर स्टेशन से तीन दमकल गाड़ियों ने पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटना के समय दुकान में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई।
इसके कुछ ही देर बाद थाना बर्रा क्षेत्र में ‘मुस्कान ढाबा’ के पास कबाड़ के ढेर में भीषण आग लगने की सूचना मिली। आग की लपटें तेजी से उठने लगीं, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की सात यूनिटों को मौके पर लगाया गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया और आसपास के रिहायशी इलाके को सुरक्षित बचा लिया गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की टीमें तुरंत रवाना कर दी गई थीं। समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया। दोनों घटनाओं में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
दो स्थानों पर आग, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा