कानपुर। कानपुर के गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र मैथानी ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए सड़क हादसे में घायल निराश्रित रज्जन सविता के उपचार की जिम्मेदारी उठाई। फजलगंज क्षेत्र के चार खंभा कुआं के पास 23 फरवरी को हुए सड़क हादसे में घायल रज्जन सविता का इलाज फिलहाल नारायण मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर में चल रहा है।
बताया गया कि निराश्रित होने के कारण घायल के इलाज के लिए सरकारी सहायता दिलाने हेतु सामाजिक कार्यकर्ताओं को काफी प्रयास करने पड़े, लेकिन तकनीकी कारणों से अनुदान मिलने में देरी हो रही थी। इस जानकारी के बाद विधायक सुरेंद्र मैथानी ने स्वयं संज्ञान लेते हुए अस्पताल पहुंचकर घायल का हालचाल जाना।
अस्पताल में विधायक ने पीड़ित रज्जन सविता से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और अस्पताल प्रशासन से बातचीत कर बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्य एक-दो दिन देर से हो सकते हैं, लेकिन किसी जरूरतमंद को चिकित्सा सुविधा मिलने में देरी नहीं होनी चाहिए।
विधायक मैथानी ने स्पष्ट कहा कि इलाज में चाहे 60–70 हजार रुपये लगें या उससे अधिक, धन के अभाव में रज्जन सविता का उपचार नहीं रुकने दिया जाएगा। उनकी इस मानवीय पहल की क्षेत्रीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सराहना की।
इस अवसर पर ‘देवदूत वानर सेना’ के संरक्षक अजीत प्रताप सिंह समेत कई सेवादार मौजूद रहे। लोगों का कहना है कि जाति-धर्म से ऊपर उठकर जरूरतमंद की मदद करना ही सच्ची जनसेवा है। विधायक सुरेंद्र मैथानी ने भी कहा कि लावारिस और बेसहारा व्यक्ति की पीड़ा को अपनी पीड़ा समझना ही सच्ची राजनीति है।
घायल की मदद को आगे आए विधायक मैथानी