कानपुर। रेल बाजार और रेलवे स्टेशनों पर बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जीआरपी कानपुर सेंट्रल को बड़ी सफलता मिली है। जीआरपी टीम ने ट्रेनों में चोरी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी का एक कीमती मोबाइल फोन बरामद किया है। थाना जीआरपी कानपुर सेंट्रल के प्रभारी निरीक्षक ओमनारायण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम 27 फरवरी 2026 को रात्रि गश्त पर थी। रात करीब 02:30 बजे कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के झकरकट्टी पुल की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर (हाई मास्क लाइट और लोहे की पटरियों के पास) एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में घूमता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने पर वह भागने लगा, जिसे आवश्यक बल प्रयोग कर हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अंकुर तिवारी उर्फ भूरा उर्फ मधुकर (उम्र 32 वर्ष) निवासी नानामऊ, थाना बिल्हौर, जनपद कानपुर नगर के रूप में हुई है। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह रेलवे स्टेशन के आउटर पर छिपकर बैठता था और जैसे ही ट्रेनें धीमी होती थीं, खिड़की व दरवाजे के पास बैठे यात्रियों के मोबाइल, बैग व अन्य सामान चोरी या छिनैती कर लेता था।
अभियुक्त के कब्जे से रेडमी कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹50,000 बताई गई है। इस संबंध में थाना जीआरपी कानपुर सेंट्रल में मु0अ0सं0 402/25 के तहत धारा 305(सी) एवं 317(2) बीएनएस (BNS) में मामला पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह सफलता अपर पुलिस महानिदेशक (रेलवे) प्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक (रेलवे) एन. कोलांची तथा पुलिस अधीक्षक (रेलवे, प्रयागराज) प्रशांत वर्मा के कुशल निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक (कानपुर) दुष्यन्त कुमार सिंह के निकट पर्यवेक्षण में प्राप्त हुई है।
ट्रेनों में चोरी करने वाला शातिर अभियुक्त गिरफ्तार