कानपुर। शहर के दक्षिण क्षेत्र स्थित श्री भोलेश्वर श्याम मंदिर में शुक्रवार को फाल्गुन एकादशी के पावन अवसर पर रंग-रंगीला फाल्गुन उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। श्री श्याम प्रभु (खाटू वाले) के दिव्य भजन-कीर्तन और अलौकिक श्रृंगार के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। पूरा मंदिर प्रांगण “हारे के सहारे” के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। उत्सव का विधिवत शुभारंभ सायं 7 बजे मंडल अध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने अपनी धर्मपत्नी अनीता अग्रवाल के साथ बाबा श्याम की अखंड ज्योति प्रज्वलित कर किया। इस विशेष अवसर पर बाबा का दरबार सजाने के लिए कोलकाता से विशेष पुष्प मंगाए गए थे। मनोहारी एवं दिव्य श्रृंगार के दर्शन कर भक्त भावविभोर हो उठे।
सांस्कृतिक संध्या में भजनों की ऐसी अविरल धारा बही कि श्रद्धालु स्वयं को थिरकने से रोक नहीं पाए। कोलकाता के प्रसिद्ध भजन गायक अभिषेक शर्मा ने “आओ खाटू वाले का मेला देख लो” और “गलती तेरी है सरकार, फाल्गुन दिखा दियो एक बार” जैसे भजनों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं स्थानीय गायक जय शंकर शुक्ला ने “आयो फागण मेलो, बाबो मारे हेलो” और “लो फागुन आया रे, मस्तियाँ लाया रे” गाकर पांडाल में मौजूद हजारों महिला-पुरुषों को नृत्य करने पर विवश कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के साथ फूलों की होली खेली तथा इत्र वर्षा की गई, जिससे पूरा वातावरण सुगंधित, भक्तिमय और दिव्यता से ओतप्रोत हो गया।
पौराणिक महत्व: क्यों कहलाते हैं ‘हारे के सहारे’
उत्सव के दौरान बाबा श्याम की महिमा का वर्णन करते हुए बताया गया कि महाभारत काल में माता अहिलावती के पुत्र बर्बरीक ने भगवान शिव की कठोर तपस्या कर तीन अमोघ बाण प्राप्त किए थे। युद्ध से पूर्व उन्होंने अपना शीश भगवान श्रीकृष्ण को दान कर दिया। इस महान आहुति से प्रसन्न होकर श्रीकृष्ण ने उन्हें ‘श्याम’ नाम दिया और वरदान दिया कि कलियुग में वे ‘हारे के सहारे’ के रूप में पूजे जाएंगे।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में नरेश अग्रवाल, रामनाथ गुप्ता, अभिषेक मालपानी, महेन्द्र शर्मा, श्याम मिश्रा, दिलीप साहू, विवेक जैन, सतीश अग्रवाल, गोविंदा अग्रवाल, संचित अग्रवाल, नरेश गुप्ता, विनोद कुमार अग्रवाल, अनीस अग्रवाल, अमित गुप्ता, रमन झंवर, सौरभ अग्रवाल, सरवन मिश्रा, अवनीश दीक्षित सहित संस्था के समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
बाबा श्याम के भजनों पर झूमे हजारों श्रद्धालु