ड्रग तस्कर की करोड़ों की संपत्ति फ्रीज

कानपुर।
कोडीन युक्त कफ सिरप और अल्प्राजोलम सहित अन्य प्रतिबंधित दवाओं की अवैध तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस कमिश्नरेट की साइबर क्राइम अपराध शाखा ने एनडीपीएस एक्ट के तहत एक तस्कर की करीब 9.50 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति को फ्रीज कर दिया है। यह कार्रवाई मादक पदार्थों की अवैध तस्करी से अर्जित संपत्तियों पर शिकंजा कसने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
जानकारी के अनुसार थाना फीलखाना क्षेत्र के पटकापुर निवासी अभियुक्त विनोद अग्रवाल पुत्र बालकृष्ण अग्रवाल के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत पंजीकृत अभियोग की विवेचना साइबर क्राइम अपराध शाखा, कमिश्नरेट द्वारा गहनता से की जा रही है। विवेचना में आधुनिक तकनीकी विश्लेषण, इलेक्ट्रॉनिक डाटा की जांच, बैंकिंग लेन-देन, संपत्ति अभिलेखों और अन्य दस्तावेजी साक्ष्यों का सूक्ष्म परीक्षण किया गया।
जांच में यह तथ्य सामने आया कि अभियुक्त विनोद अग्रवाल ने अपने पुत्र शिवम अग्रवाल के साथ मिलकर सुनियोजित और संगठित तरीके से कोडीन युक्त कफ सिरप, अल्प्राजोलम, ट्रामाडोल, ट्रिपेंटाडोल सहित अन्य प्रतिबंधित एवं नियंत्रित औषधियों का अवैध भंडारण, परिवहन और विक्रय किया। इस अवैध तस्करी के माध्यम से अभियुक्तों ने भारी मात्रा में गैरकानूनी धन अर्जित किया, जिसे चल और अचल संपत्तियों की खरीद में निवेश किया गया। विवेचना के दौरान अभियुक्तों के विभिन्न राष्ट्रीयकृत और निजी बैंकों में संचालित छह बैंक खातों की गहन जांच की गई। इन खातों में करीब 42 लाख रुपये की धनराशि जमा पाई गई, जिसे अपराध से अर्जित धन मानते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के अंतर्गत फ्रीज करा दिया गया है। इसके साथ ही करोड़ों रुपये मूल्य की अन्य संपत्तियों को भी फ्रीज किए जाने की कार्रवाई की गई है।अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने, अपराध से अर्जित संपत्तियों को विधिक प्रक्रिया के तहत अधिग्रहित करने और अवैध आर्थिक गतिविधियों पर कठोर प्रहार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि ड्रग तस्करी से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि इस तरह की वित्तीय जांच और संपत्ति जब्ती से न केवल तस्करों की आर्थिक रीढ़ टूटेगी, बल्कि समाज में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर भी प्रभावी रोक लगेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद