कानपुर। कानपुर महानगर कांग्रेस के तत्वावधान में शहर की मलिन बस्तियों की दयनीय स्थिति के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता और एआईसीसी सदस्य व महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा अटल पाल ने किया। जेके मंदिर के पास स्थित राजपुरवा और डीबीएस कॉलेज क्षेत्र की मलिन बस्तियों में व्याप्त समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए आक्रोश जताया और बाद में नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा।महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि जलभराव, बंद नाले, पानी की निकासी न होना, कूड़े के ढेर और टूटी सड़कों के कारण मलिन बस्तियों में रहने वाले लोग त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। बरसात के मौसम में हालात और भी भयावह हो जाते हैं, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।
महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा अटल पाल ने कहा कि गंदगी और जलभराव के चलते बच्चे और बुजुर्ग लगातार बीमार पड़ रहे हैं। हालात इतने खराब हैं कि शादी-ब्याह या अंतिम संस्कार जैसे जरूरी कार्यों में भी लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जलभराव के कारण घर से बाहर निकलना दूभर हो गया है और बच्चे स्कूल तक नहीं जा पा रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने नगर प्रशासन से मांग की कि तत्काल हस्तक्षेप कर मलिन बस्तियों की समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि वहां रहने वाले लोगों को न्याय मिल सके। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेसजन और बस्तीवासी मौजूद रहे और जमकर नारेबाजी की।इस अवसर पर सैमुअल लकी सिंह, पदम मोहन मिश्रा, धर्मेंद्र चौहान, राकेश साहू, विनोद अवस्थी, अजय श्रीवास्तव शीलू, आफताब हसन, विवेक पाल, चमन खन्ना, रामपाल नागवंशी, रोहित मिश्रा, रजत मिश्रा, चंदा कृष्ण, भारती, माया, गुड़िया, रचना, अंजू सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।