कल्याणपुर में स्वास्थ्य विभाग का छापा, अस्पतालों में मचा हड़कंप

Manish Gupta

कानपुर के कल्याणपुर क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने अवैध और मानकों के विपरीत संचालित चिकित्सालयों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी नोडल अधिकारी नर्सिंग होम एवं कल्याणपुर थाने की पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा क्षेत्र में संचालित कई निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान मरीजों की सुरक्षा, पंजीकरण, चिकित्सकीय संसाधन, ओटी-एचडीयू संचालन और अन्य आवश्यक मानकों की गहन जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर रुद्र मेडिकल सेंटर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। वहीं एमपी हॉस्पिटल तथा कानपुर हेल्थ केयर सेंटर की ओटी एवं एचडीयू को मानकों के अनुरूप न पाए जाने के कारण सील किया गया। इसके अतिरिक्त न्यू अभिनव हॉस्पिटल, महादेव हॉस्पिटल, गांधी हॉस्पिटल और माधव हॉस्पिटल में भी ओटी संचालन में खामियां मिलने पर उनकी ओटी सील कर दी गई।

जांच के समय कुछ चिकित्सालयों के शटर अथवा मुख्य द्वार बंद पाए गए। इनमें सांवरिया नर्सिंग होम, स्टार सिटी हॉस्पिटल, न्यू मान्या हॉस्पिटल, ओसमियम हॉस्पिटल, ग्लोबल हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर और जीवास हॉस्पिटल शामिल हैं। इन सभी के मुख्य द्वार पर नोटिस निर्गत कर चस्पा किया गया, ताकि संबंधित प्रबंधन अपना पक्ष और आवश्यक दस्तावेज विभाग के समक्ष प्रस्तुत कर सके।

वहीं न्यू अभिनव हॉस्पिटल, डिवाइन मेडिकल सेंटर, किरण मेडिकल सेंटर, एएसआर हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर, वात्सल्य हॉस्पिटल और काशी हॉस्पिटल में निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्तर की कमियां पाई गईं। इन चिकित्सालयों को नोटिस जारी करते हुए तीन कार्यदिवस के भीतर अधोहस्ताक्षरी कार्यालय में स्पष्टीकरण देने और कमियों के निराकरण के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने सील किए गए सभी चिकित्सालयों को सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्थिति में नए मरीजों की भर्ती न की जाए। साथ ही पहले से भर्ती मरीजों को तत्काल सुरक्षित रूप से अन्य पंजीकृत और मान्यता प्राप्त चिकित्सालयों में रेफर किया जाए, जिससे मरीजों के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। इसी अभियान के तहत जेएस केयर हॉस्पिटल, बेबी पैराडाइज हॉस्पिटल, मर्सी हॉस्पिटल, साक्षी हॉस्पिटल और कानपुर मेड हॉस्पिटल का भी निरीक्षण किया गया। इन अस्पतालों में चिकित्सकीय सेवाएं और दस्तावेज मानकों के अनुरूप पाए गए, जिसके चलते इन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और नियमों के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद