कानपुर। शहर में गुरुवार शाम से लापता एक 19 वर्षीय छात्र का शव शुक्रवार सुबह रेलवे ट्रैक पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक परिवार का इकलौता बेटा था। जीआरपी ने चंदारी स्टेशन के पास युवक के ट्रेन से कटने की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।
चकेरी थाना क्षेत्र के कोयला नगर स्थित स्वर्ण जयंती विहार निवासी राकेश शर्मा प्राइवेट कर्मी हैं। उनका 19 वर्षीय इकलौता बेटा शुभम शर्मा मां कामाख्या कामदगिरि इंटर कॉलेज में कक्षा 12वीं का छात्र था। पढ़ाई के साथ-साथ वह कलेक्टरगंज स्थित एक गुब्बारे की दुकान पर काम कर परिवार का सहारा भी बन रहा था।
परिजनों के अनुसार, बुधवार को शुभम रोज की तरह काम पर गया था। शाम करीब आठ बजे वह दुकान से निकला, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। चिंतित परिजनों ने उसके मोबाइल पर कई बार कॉल की, मगर फोन नहीं उठा। रात बढ़ने के साथ परिजनों की बेचैनी भी बढ़ती गई। संभावित जगहों पर तलाश के बाद देर रात वे जीआरपी के पास पहुंचे, जहां उन्हें चंदारी स्टेशन के पास एक युवक के ट्रेन से कटने की सूचना दी गई।
शुक्रवार सुबह परिजन मौके पर पहुंचे तो शव की पहचान शुभम के रूप में हुई। यह देखते ही मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें संभालने की कोशिश की। परिवार वालों ने इस घटना को लेकर अनहोनी की आशंका जताई है और मामले की गहराई से जांच की मांग की है।
जीआरपी का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, परिजनों के बयान दर्ज कर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।इकलौते बेटे की मौत से मोहल्ले में शोक की लहर है। शुभम के मित्र और परिचित उसे मेहनती और मिलनसार बताते हैं। परिवार के सपनों का सहारा माने जाने वाले शुभम की असमय मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।
शाम से लापता था इकलौता बेटा, सुबह ट्रेन से कटकर मौत की सूचना; परिवार में मचा कोहराम