चाइनीज मांझे के खिलाफ कानपुर पुलिस का महाअभियान, प्रमुख बाजारों में चली सघन चेकिंग

कानपुर—उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों एवं पुलिस आयुक्त कानपुर नगर के कुशल मार्गदर्शन में गुरुवार को कानपुर पुलिस द्वारा प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के विरुद्ध एक व्यापक और सघन विशेष अभियान चलाया गया। इस महाअभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों, विशेष रूप से दुपहिया वाहन चालकों, राहगीरों तथा पक्षियों की जान की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा।
पुलिस कमिश्नरेट के चारों जोनों में गठित विशेष टीमों ने दोपहर 01:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक शहर के प्रमुख पतंग बाजारों एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के तहत रावतपुर, फीलखाना, बाबूपुरवा, मूलगंज और किदवई नगर जैसे संवेदनशील इलाकों में पतंग, धागा एवं जनरल स्टोर्स की दुकानों की गहनता से जांच की गई। पुलिस अधिकारियों ने दुकानों में रखे सामान की विधिवत तलाशी ली और यह सुनिश्चित किया कि कहीं भी प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का भंडारण या बिक्री न हो।
जांच के दौरान दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए पुलिस ने स्पष्ट किया कि चाइनीज मांझे की बिक्री, भंडारण अथवा उपयोग किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चाइनीज मांझा न केवल मानव जीवन के लिए अत्यंत घातक है, बल्कि यह बेजुबान पक्षियों के लिए भी जानलेवा साबित हो रहा है। बीते वर्षों में चाइनीज मांझे से गंभीर हादसे और पक्षियों की मौत की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिसे देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सख्त है।
अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध दुकानों और व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी। पुलिस कमिश्नरेट ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि भविष्य में यदि कोई भी व्यक्ति प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचते, संग्रहित करते या उसका प्रयोग करते हुए पाया गया, तो उसके विरुद्ध पर्यावरण संरक्षण अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कानपुर पुलिस ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है कि वे स्वयं चाइनीज मांझे का प्रयोग न करें और यदि कहीं इसके अवैध बिक्री या भंडारण की सूचना मिले, तो तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। पुलिस प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान आगे भी निरंतर और सख्ती के साथ जारी रहेगा, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि को समय रहते रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद