कानपुर,
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) की कानपुर मेट्रो सेवा यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और समयबद्ध यात्रा उपलब्ध कराने के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं और ईमानदारी की मिसाल भी पेश कर रही है। इसी क्रम में चुन्नीगंज मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो स्टाफ की सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा से एक यात्री को उसका छूटा हुआ एप्पल आईफोन सुरक्षित रूप से वापस किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज शाम लगभग 6:15 बजे चुन्नीगंज मेट्रो स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को प्लेटफार्म पर रखी बेंच पर एक एप्पल आईफोन मिला। सुरक्षाकर्मियों ने बिना समय गंवाए फोन को सुरक्षित रूप से स्टेशन कंट्रोलर के पास जमा कर दिया, ताकि वास्तविक मालिक तक उसे लौटाया जा सके।
करीब 7:00 बजे कल्याणपुर निवासी सबीर अपना खोया हुआ आईफोन खोजते हुए चुन्नीगंज मेट्रो स्टेशन पहुंचे और स्टेशन कंट्रोलर से संपर्क किया। स्टेशन कंट्रोलर रघुनाथ ने निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए यात्री की पहचान और फोन से संबंधित आवश्यक विवरणों का सत्यापन किया। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आईफोन को सुरक्षित रूप से उसके मालिक को सौंप दिया गया। अपना फोन वापस पाकर यात्री ने कानपुर मेट्रो स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए उनकी ईमानदारी, तत्परता और सेवा भाव की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
उल्लेखनीय है कि कानपुर मेट्रो स्टाफ द्वारा यात्रियों के खोए हुए सामान को लौटाने का यह कोई पहला मामला नहीं है। वर्ष 2025 के दौरान ही मेट्रो स्टाफ ने 7 लैपटॉप, 40 मोबाइल फोन, ₹11,960 नकद सहित 156 अन्य विविध वस्तुएं यात्रियों को सुरक्षित रूप से लौटाई हैं, जो मेट्रो कर्मियों की जिम्मेदारी और ईमानदारी को दर्शाता है।
इस अवसर पर यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक श्री सुशील कुमार ने कहा कि, “कानपुर मेट्रो की पूरी टीम हर परिस्थिति में यात्रियों की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। सेवा भावना, ईमानदारी और जिम्मेदारी को यूपीएमआरसी की प्रशिक्षण प्रक्रिया का अभिन्न हिस्सा बनाया गया है। यात्रियों का विश्वास और संतुष्टि ही हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है।”
कानपुर मेट्रो द्वारा लगातार किए जा रहे ऐसे सराहनीय कार्य न केवल यात्रियों का भरोसा मजबूत कर रहे हैं, बल्कि सार्वजनिक सेवाओं में ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का सकारात्मक संदेश भी समाज तक पहुंचा रहे हैं।