बीच बाजार बीकॉम छात्र की पिटाई, वीडियो वायरल

कानपुर।
कानपुर के काकादेव थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देता एक मामला सामने आया है, जहां बी.कॉम के एक छात्र की दबंग युवकों ने बीच बाजार बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें करीब छह युवक छात्र को घेरकर थप्पड़ और घूंसे मारते साफ दिखाई दे रहे हैं। वायरल वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। यह घटना सोमवार रात पांडु नगर इलाके की बताई जा रही है। पीड़ित छात्र की पहचान गीता नगर निवासी अमन सोनकर के रूप में हुई है, जो बी.कॉम का छात्र है। अमन के अनुसार, सोमवार रात करीब 8 बजे वह अपने दोस्तों के साथ मानस मंच पार्क के पास चाय पीने गया था। इसी दौरान पास की गली में शराब पी रहे कुछ युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी युवक और आक्रामक हो गए। अमन के मुताबिक, आरोपियों ने तमंचे से हवाई फायरिंग की और उसे दौड़ा लिया, जिससे वह घबरा गया और जान बचाने के लिए वहां से भागा। वह भागते हुए पांडु नगर स्थित सिल्वर स्पून रेस्टोरेंट के पास पहुंचा, लेकिन पीछे से आए दबंग युवकों ने उसे घेर लिया और सरेआम मारपीट शुरू कर दी।
घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। शोर-शराबा सुनकर पास के रेस्टोरेंट के कर्मचारियों और कुछ स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी युवक जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। इसी दौरान कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए काकादेव थाना पुलिस हरकत में आ गई है। थाना प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित अमन सोनकर की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस वायरल वीडियो की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है और स्थानीय नागरिकों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद