चलती ट्रेन, फिसलता यात्री… आरपीएफ बना फरिश्ता

कानपुर सेंट्रल।
रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर आरपीएफ की सतर्कता एक बार फिर देखने को मिली, जब कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर एक गंभीर हादसा होते-होते टल गया। दिनांक 03 फरवरी 2026 को गाड़ी संख्या 12403 प्लेटफार्म नंबर 01 से जैसे ही अपने गंतव्य की ओर रवाना हुई, उसी दौरान एक यात्री ने भारी लापरवाही बरतते हुए चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास किया।
चलती ट्रेन से उतरते समय यात्री का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच बने खतरनाक गैप में गिरकर रेलवे लाइन पर जा गिरा। यह दृश्य अत्यंत भयावह था और कुछ ही क्षणों में बड़ा हादसा हो सकता था। प्लेटफार्म पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर 01 पर ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ स्टाफ कांस्टेबल संतोष कुमार ने असाधारण सतर्कता, साहस और मानवता का परिचय देते हुए बिना एक पल गंवाए दौड़ लगाई और अपनी जान की परवाह किए बिना गैप में गिरे यात्री का हाथ मजबूती से पकड़कर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आरपीएफ की इस त्वरित कार्रवाई से एक निर्दोष यात्री की जान बच गई और एक बड़ा रेल हादसा टल गया।
घटना के बाद यात्री को सुरक्षा की दृष्टि से आरपीएफ थाना कानपुर सेंट्रल लाया गया, जहां उससे पूछताछ की गई। पूछताछ में यात्री ने अपना नाम वीरेंद्र कुमार सिंह, निवासी भदोकर, जनपद रायबरेली बताया। यात्री ने बताया कि उसे रायबरेली जाना था, किंतु वह गलती से गाड़ी संख्या 12403 में सवार हो गया था। ट्रेन के चलने का एहसास होने पर घबराहट में उसने उतरने का प्रयास किया, जिससे यह हादसा हो गया।
यात्री ने बताया कि यदि समय रहते आरपीएफ स्टाफ ने हस्तक्षेप न किया होता, तो उसकी जान जा सकती थी। उसने भावुक होकर आरपीएफ स्टाफ कांस्टेबल संतोष कुमार सहित पूरे आरपीएफ बल का आभार व्यक्त किया और उनकी तत्परता, साहस एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।आरपीएफ अधिकारियों ने इस घटना को यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण चेतावनी बताते हुए कहा कि चलती ट्रेन से चढ़ना या उतरना अत्यंत खतरनाक है और इससे जान-माल की भारी क्षति हो सकती है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे ट्रेन के पूर्ण रूप से रुकने के बाद ही चढ़ें या उतरें तथा रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करें।यह घटना न केवल आरपीएफ की सजगता और कर्तव्यपरायणता को दर्शाती है, बल्कि यात्रियों को भी यह संदेश देती है कि थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद