कानपुर।
शहर की जर्जर पुरानी संरचनाओं को लेकर महापौर प्रमिला पांडेय एक्शन मोड में नजर आ रही हैं। गुरुवार को उन्होंने ब्रह्मनगर क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया, जहां ब्रिटिश काल के लगभग 150 वर्ष पुराने डाट नाले के धंसने से क्षेत्र में गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। स्थानीय नागरिकों की शिकायत पर महापौर, पार्षद दल के नेता नवीन पंडित के साथ मौके पर पहुंचीं। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि नाले का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे जल निकासी बाधित होने के साथ-साथ सड़क धंसने का खतरा भी बढ़ गया है।
महापौर ने अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि नाले की खराब स्थिति से आसपास के मकानों और राहगीरों को भारी परेशानी हो रही है, जिसे किसी भी हाल में नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभाग को युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए और कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
महापौर ने स्पष्ट किया कि बजट या संसाधनों की कमी को मरम्मत कार्य में बाधा नहीं बनने दिया जाएगा। वहीं पार्षद दल के नेता नवीन पंडित ने नाले की जटिल संरचना की जानकारी देते हुए विशेषज्ञों की देखरेख में जीर्णोद्धार की आवश्यकता पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अधिकारी एवं क्षेत्रीय नागरिक भी मौजूद रहे, जिन्होंने महापौर की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
ब्रह्मनगर में धंसे डाट नाले का महापौर ने किया निरीक्षण, तत्काल मरम्मत के निर्देश