रिटायर्ड बैंककर्मी के बंद घर से लाखों की चोरी, चोरों की चप्पलें और रॉड बरामद

कानपुर।
जाजमऊ थाना क्षेत्र की केडीए कॉलोनी में सोमवार रात शातिर चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित परिवार राजस्थान स्थित दिगंबर मंदिर के दर्शन के लिए गया हुआ था, इसी दौरान चोरों ने सुनसान घर का फायदा उठाया। हैरानी की बात यह रही कि वारदात के बाद चोर मौके पर अपनी चप्पलें और लोहे के औजार छोड़कर फरार हो गए, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, केडीए कॉलोनी निवासी एक सेवानिवृत्त एसबीआई कर्मी अपने परिवार के साथ राजस्थान गए हुए हैं। मंगलवार सुबह पड़ोसियों ने जब मकान का मुख्य ताला टूटा देखा तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पीड़ित के जेके कॉलोनी निवासी भतीजे को दी। मौके पर पहुंचने पर घर के अंदर का नजारा देख परिजनों के होश उड़ गए।
घर के भीतर अलमारियों के ताले टूटे हुए थे और सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। चोरों ने कीमती जेवरात और नकदी समेत लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। जल्दबाजी में चोर अपनी एक जोड़ी चप्पल, लोहे की रॉड और पेचकस मौके पर ही छोड़ गए, जो अब पुलिस के लिए अहम सुराग माने जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही जाजमऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस का कहना है कि बरामद चप्पलों और औजारों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़ित परिवार के राजस्थान से लौटने के बाद ही चोरी गई नकदी और जेवरात की सटीक मात्रा का आकलन हो सकेगा। फिलहाल अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही इस चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद