सांसद देवेन्द्र सिंह भोले ने युवाओं को किया प्रेरित
कानपुर।
राष्ट्रीय युवा दिवस के शुभ अवसर पर होटल ड्रीम पैलेस, रामा देवी में मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित “अंतर-जिला युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम 2025-26” का भव्य शुभारंभ किया गया। स्वामी विवेकानंद की जयंती पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में कानपुर नगर–सहारनपुर के युग्मन के अंतर्गत सहारनपुर जिले से 37 युवा प्रतिभागी (15 से 29 वर्ष आयु वर्ग) भाग ले रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि सांसद देवेन्द्र सिंह भोले ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विशिष्ट अतिथियों में क्षेत्रीय निदेशक (मेरा युवा भारत, मध्य क्षेत्र) अनिल कुमार सिंह, विंग कमांडर (सेवानिवृत्त) राकेश कुमार शुक्ला एवं वायु सेना अधिकारी (सेवानिवृत्त) भानु प्रसाद शुक्ला उपस्थित रहे। इसके साथ ही मेरा युवा भारत की टीम एवं स्थानीय गणमान्य नागरिकों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
अपने संबोधन में सांसद देवेन्द्र सिंह भोले ने स्वामी विवेकानंद की शिक्षाओं को स्मरण करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के प्रेरक वाक्य “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए” को दोहराते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को साकार करने में इस प्रकार के आदान-प्रदान कार्यक्रमों की अहम भूमिका की सराहना की। इस अवसर पर सांसद द्वारा प्रतिभागी युवाओं को कार्यक्रम किट भी वितरित की गई।
क्षेत्रीय निदेशक अनिल कुमार सिंह ने युवा विकास कार्यक्रमों को राष्ट्रीय प्राथमिकता बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक समझ को मजबूत करते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से इस अवसर का पूर्ण लाभ उठाने का आग्रह किया।
विंग कमांडर (सेवानिवृत्त) राकेश कुमार शुक्ला ने अपने सैन्य अनुभव साझा करते हुए अनुशासन, समयबद्धता और टीम वर्क के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं वायु सेना अधिकारी (सेवानिवृत्त) भानु प्रसाद शुक्ला ने युवाओं में देशभक्ति और सेवा भाव जागृत करने पर जोर दिया।
यह पांच दिवसीय कार्यक्रम (12 से 16 जनवरी) राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और कौशल विकास को समर्पित है। कार्यक्रम के अंतर्गत स्वच्छता अभियान, कानपुर प्राणी उद्यान भ्रमण, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का दौरा, नाना राव पेशवा स्मारक पार्क (बिठूर) भ्रमण, नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण, सांस्कृतिक संध्या एवं योग सत्र जैसे विविध गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में जिला युवा अधिकारी ने सभी गणमान्य अतिथियों, जिला प्रशासन कानपुर नगर एवं सहयोगी विभागों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। इस अंतर-जिला युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का समापन समारोह 16 जनवरी को आयोजित किया जाएगा।
राष्ट्रीय युवा दिवस पर अंतर-जिला युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का भव्य उद्घाटन