कानपुर।
एसएन सेन बालिका पीजी कॉलेज की कादोम्बिनी देवी राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा जनपद उन्नाव की ग्राम पंचायत नेतुआ स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय कम्पोजिट परिसर में एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर इकाई प्रभारी डॉ. श्वेता रानी के कुशल निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें छात्राओं ने उत्साह और सेवा भाव के साथ सहभागिता की।
शिविर का शुभारंभ छात्राओं द्वारा एनएसएस गीत के सामूहिक गायन से हुआ। इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय युवा दिवस भी मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान इकाई प्रभारी डॉ. श्वेता रानी, सह प्रभारी डॉ. अनामिका तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका लक्ष्मी तिवारी ने स्वामी विवेकानंद के जीवन, उनके आदर्शों और प्रेरणादायी विचारों पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने छात्राओं को आत्मविश्वास, सेवा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
बौद्धिक सत्र के पश्चात एनएसएस स्वयंसेविकाओं द्वारा गांव का व्यापक सर्वेक्षण किया गया। इस दौरान छात्राओं ने ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनकी सामाजिक, शैक्षिक एवं बुनियादी समस्याओं को समझने का प्रयास किया। सर्वेक्षण के आधार पर भविष्य में गांव में किए जाने वाले सेवा कार्यों और जागरूकता कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार की गई।
इस एक दिवसीय शिविर में कुल 70 छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया और सेवा कार्यों के माध्यम से सामाजिक सरोकारों से जुड़ने का अनुभव प्राप्त किया। शिविर के सफल आयोजन में एनएसएस स्वयंसेविकाओं दिव्यांक्षी शर्मा, अदिति ओझा, नंदिका श्रीवास्तव, कोमल दिवाकर, सिमरन सिंह तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हरिनारायण का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम के समापन पर छात्राओं ने एनएसएस के उद्देश्यों के अनुरूप समाज सेवा, अनुशासन और राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया।
एसएन सेन कॉलेज की एनएसएस इकाई ने नेतुआ गांव में लगाया एक दिवसीय शिविर