कानपुर।
कानपुर के सुप्रसिद्ध वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समर्पित समाजसेवी रवि गौड़ को विधि, न्याय और समाज सेवा के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘टीसी प्रकाश राष्ट्रीय गौरव अवार्ड–2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान राजस्थान के ग्राम शिमला में आयोजित भव्य स्मृति सम्मान समारोह के दौरान प्रदान किया गया, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से आए गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह में पूर्व ऊर्जा मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह, सिंघानिया विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार गर्ग, पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. रामानंद शर्मा सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों ने रवि गौड़ को सम्मान पत्र, स्मृति चिन्ह और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने उनके चार दशक लंबे विधिक जीवन, समाज के कमजोर वर्गों के लिए किए गए संघर्ष और सामाजिक सरोकारों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
मूल रूप से राजस्थान के त्यौंदा गांव निवासी और वर्तमान में कानपुर के श्याम नगर निवासी रवि गौड़ पिछले लगभग 40 वर्षों से विधि क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने अपने लंबे अधिवक्ता जीवन में न्याय को केवल पेशा नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम बनाया। वे निर्धन, असहाय और जरूरतमंद लोगों को रियायती दरों पर न्याय दिलाने के लिए विशेष रूप से जाने जाते हैं। अनेक ऐसे प्रकरण हैं, जिनमें उन्होंने निःस्वार्थ भाव से पीड़ितों का पक्ष रखकर उन्हें न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
समाज सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता केवल न्यायालय तक सीमित नहीं है। पर्यावरण संरक्षण, कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ जनजागरूकता और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए वे निरंतर अभियान चलाते रहे हैं। इसके साथ ही वे ‘दी गौड़स फाउंडेशन’ के माध्यम से मेधावी एवं जरूरतमंद छात्रों की शिक्षा में सहायता, रक्तदान शिविरों का आयोजन और सामाजिक सेवा से जुड़े अनेक कार्यक्रम संचालित कर रहे हैं।
वर्तमान में रवि गौड़ कराधान समाधान केंद्र, नागरिक एकता समिति सहित कई सामाजिक एवं विधिक संस्थानों में अध्यक्ष पद पर कार्यरत हैं और इनके माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के हित में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में अनेक युवा अधिवक्ता भी समाज सेवा की भावना के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर इस सम्मान की घोषणा के बाद उनके पैतृक गांव त्यौंदा और कानपुर के अधिवक्ता समाज में खुशी की लहर दौड़ गई। वरिष्ठ अधिवक्ताओं, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने इसे कानपुर के लिए गौरव का क्षण बताया। डॉ. उमराव सिंह यादव, डॉ. विष्णु भारद्वाज, ज्योतिषाचार्य डॉ. अभिमन्यु पाराशर सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने रवि गौड़ को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर समाज सेवा की कामना की।
सम्मान प्राप्त करने के बाद रवि गौड़ ने कहा कि यह अवार्ड उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धि से अधिक समाज सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि जब तक सामर्थ्य है, वे न्याय और समाज के लिए अपना योगदान देते रहेंगे।
वरिष्ठ अधिवक्ता रवि गौड़ को ‘टीसी प्रकाश राष्ट्रीय गौरव अवार्ड’ से किया गया सम्मानित