लक्ज़री कारों की चेन भिड़ंत से मरियमपुर–हैलेट रोड पर भीषण जाम

कानपुर। मरियमपुर से हैलेट अस्पताल को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर रविवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लक्ज़री कारों की एक के बाद एक जोरदार टक्कर हो गई। इस सड़क हादसे में स्कॉर्पियो, थार सहित कई महंगी गाड़ियाँ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, हालांकि राहत की बात यह रही कि कार सवारों और राहगीरों की जान बाल-बाल बच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह पूरा काफिला युवा चेतना 2026 कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। बताया जा रहा है कि काफिले में आगे चल रही एक कार ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे चल रही स्कॉर्पियो, थार और अन्य लक्ज़री कारें नियंत्रित नहीं हो सकीं और एक-दूसरे से टकराती चली गईं। देखते ही देखते यह टक्कर चेन रिएक्शन में तब्दील हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कई वाहनों के शीशे चकनाचूर हो गए, बंपर टूट गए और कारों की बॉडी को भारी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे मरियमपुर से हैलेट अस्पताल तक जाने वाला मार्ग कुछ समय के लिए पूरी तरह बाधित हो गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। वहीं कुछ ही देर में पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात को धीरे-धीरे सुचारू कराया।
बताया जा रहा है कि काफिला विकास सिंह ‘भोले’ के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल जारी है। प्रारंभिक जांच में चालकों की लापरवाही और अचानक ब्रेक लगाने को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है।
फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरे को उजागर कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद