कानपुर।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष का 16 जनवरी को कानपुर आगमन प्रस्तावित है। उनके आगमन को लेकर पार्टी संगठन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय, नौबस्ता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने बताया कि पूर्व में प्रदेश अध्यक्ष का आगमन 13 जनवरी को प्रस्तावित था, लेकिन उसी दिन वीबी–जी–राम–जी की लखनऊ में कार्यशाला निर्धारित हो जाने के कारण कार्यक्रम में परिवर्तन किया गया। इसी वजह से अब प्रदेश अध्यक्ष का कानपुर आगमन 16 जनवरी को सुनिश्चित किया गया है।
बैठक में संगठनात्मक व्यवस्थाओं, कार्यक्रम की रूपरेखा, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और मीडिया समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने जानकारी दी कि शनिवार दोपहर 2 बजे, भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय, नौबस्ता में उत्तर प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे। प्रेस वार्ता को सफल बनाने के लिए मीडिया समन्वय एवं व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 11 जनवरी को सभी जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत अपने-अपने आवंटित पोलिंग सेंटरों पर उपस्थित रहेंगे। इस दौरान फॉर्म–6 के माध्यम से विशेष रूप से युवा वर्ग को मतदाता बनाने का अभियान चलाया जाएगा, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और जनसंपर्क को और अधिक सशक्त करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। प्रदेश अध्यक्ष का आगमन संगठन के लिए उत्साहवर्धक है और इसे पूरी गरिमा व सफलता के साथ संपन्न कराना हम सभी की जिम्मेदारी है।
बैठक में क्षेत्रीय महामंत्री संत विलास शिवहरे, क्षेत्रीय मंत्री सुनील तिवारी, पवन प्रताप सिंह, जय प्रकाश कुशवाहा, वीरेंद्र तिवारी, जितेंद्र सचान, आलोक शुक्ला, पवन पांडे, मलय पांडे, शोभा श्रीवास्तव, सरिता श्रीवास्तव, रामू चंदेल सहित अन्य क्षेत्रीय पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों को उनके दायित्व सौंपे गए और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।
16 जनवरी को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का शहर आगमन, तैयारियों को लेकर क्षेत्रीय कार्यालय में हुई अहम बैठक