कानपुर,()। बाल दिवस के पावन अवसर पर श्रमिक परिवारों के बच्चों को नि:शुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित कोपेस्टेट शिक्षा सदन जूनियर हाई स्कूल, दादा नगर में शुक्रवार को एक प्रेरक एवं सौहार्दपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी और अतिथियों की उपस्थिति से उल्लासमय रहा।
कार्यक्रम में कोआपरेटिव इस्टेट के चेयरमैन विजय कपूर, विद्यालय समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अजय कपूर, वरिष्ठ समाजसेविका रमन कपूर, युवा उद्यमी कार्तिक कपूर, आयुषी कपूर सहित कपूर परिवार के सभी सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को फल एवं फ्रूटी वितरित कर बाल दिवस पर स्नेह और शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम का सबसे भावुक और हर्षित क्षण तब आया जब चेयरमैन विजय कपूर ने अपने परिवार के बच्चों मयांशी बजाज, अथर्व बजाज एवं वीहा कपूर का परिचय विद्यार्थियों से कराया। इन नन्हे मेहमानों ने अपनी छोटी-छोटी हथेलियों से सभी बच्चों को फल और फ्रूटी देकर प्यार, अपनापन और सहयोग का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समां बांधा
विद्यालय के बच्चों द्वारा प्रस्तुत विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम—नृत्य, गीत और मंच प्रस्तुतियों—ने सभी उद्यमियों, अतिथियों और विद्यालय परिवार का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा ने यह संदेश दिया कि उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर श्रमिक परिवारों के बच्चे भी शिक्षा, कला और संस्कारों में अग्रणी स्थान प्राप्त कर सकते हैं।
कपूर परिवार ने रखी शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता
अपने संबोधन में चेयरमैन विजय कपूर ने कहा कि कोआपरेटिव इस्टेट के सभी उद्यमी मिलकर न केवल नि:शुल्क शिक्षा प्रदान करते हैं, बल्कि बच्चों की कापी-किताब, बस्ता, यूनिफॉर्म, जूते-मोजे और स्वेटर जैसी सभी आवश्यकताओं की पूर्ति भी करते हैं। उन्होंने बच्चों से मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ पढ़ाई करने और भविष्य में समाज व देश का नाम रोशन करने की अपील की।
उन्होंने विद्यालय समिति अध्यक्ष अजय कपूर के प्रस्ताव पर सभी शिक्षिकाओं के वेतनमान में वृद्धि की घोषणा की, जिससे विद्यालय परिवार में प्रसन्नता की लहर दौड़ गई।
विद्यालय समिति के अध्यक्ष एवं लोक लेखा समिति के पूर्व-अध्यक्ष अजय कपूर ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि वे पढ़-लिखकर डॉक्टर, इंजीनियर, व्यवसायी और उद्यमी बनें तथा अपने साथ-साथ समाज के अन्य परिवारों को भी रोजगार और विकास का अवसर उपलब्ध कराएं।
उद्यमियों की बड़ी भागीदारी
इस प्रेरक आयोजन में प्रमुख रूप से डिप्टी कुमार, अरुण जैन, अरविन्दर सिंह, भीमसेन, अवधपाल सिंह, शुभाशीष भट्टाचार्या, नरेश पंजाबी, आर.पी. सिंह, शिव कुमार प्रजापति, नरेश विरमानी, आर.के. नायर, राजकुमार वर्मा, सुशील मोहन टकरू, पम्मी खन्ना, अमित हांडा, दिनेश कुशवाहा, श्यामलाल मूलचंदानी, संतोष गुप्ता, सतीश प्रकाश, परविन्दर सिंह सहित अनेक प्रमुख उद्यमियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा विद्यालय परिवार की इस पहल की सराहना की।