कानपुर।
कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर-1 (आईआईटी से नौबस्ता) के 5 किमी लंबे बारादेवी–नौबस्ता एलिवेटेड सेक्शन में सिग्नलिंग प्रणाली की टेस्टिंग प्रक्रिया शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने आज इस सेक्शन में ‘पार्शियल एक्सेप्टेंस टेस्ट’ की शुरुआत की। इस अवसर पर सिग्नलिंग एंड टेलीकॉम विभाग के सहायक महाप्रबंधक दीपक पांडे और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस 5 किमी सेक्शन में कुल 24 सिग्नल लगाए गए हैं — बारादेवी स्टेशन पर 8, नौबस्ता पर 10 तथा बीच के तीन स्टेशनों (किदवई नगर, वसंत विहार और बौद्ध नगर) पर 2-2 सिग्नल। सभी सिग्नलों की इनडोर केबलिंग और ट्रेन रेडियो एक्सेस एंटीना की स्थापना पूरी कर ली गई है। अब सिग्नलों के पिको टेस्ट और आंशिक परीक्षण के बाद अगला चरण ‘सिस्टम एक्सेप्टेंस टेस्ट’ होगा, जिसमें ट्रेन को सिग्नलिंग सिस्टम के माध्यम से चलाकर परखा जाएगा। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि बारादेवी–नौबस्ता सेक्शन में निर्माण और सिस्टम इंस्टॉलेशन कार्य तेजी से प्रगति पर हैं। टीम पूरी निष्ठा से अपने लक्ष्यों को समय पर पूरा करने में जुटी है।”
मेट्रो के सिग्नलों में तीन रंगों का प्रयोग किया जाता है — लाल (रुकने का संकेत), बैंगनी (सीमित गति से आगे बढ़ने की अनुमति) और हरा (मार्ग पूर्ण रूप से खाली होने का संकेत)।
बारादेवी–नौबस्ता सेक्शन में मेट्रो सिग्नलिंग टेस्ट शुरू