कानपुर। चलती ट्रेनों और आउटर पर यात्रियों के सामान पर हाथ साफ करने वाले दो शातिर चोरों को कानपुर सेंट्रल जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से करीब एक लाख रुपये मूल्य के दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
रेलवे में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए अपर पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी.के. के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशांत वर्मा के आदेश पर विशेष टीम गठित की गई थी।
गुरुवार तड़के 3:50 बजे, हैरिसगंज पुल के पास संदिग्ध रूप से खड़े दो युवकों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा। उनकी पहचान राहुल तिवारी (चित्रकूट) और राहुल यादव (बांदा) के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे ट्रेनें धीमी होने पर यात्रियों के मोबाइल और सामान झपट लेते थे और बाद में बेच देते थे।
अभियान थाना प्रभारी ओम नारायण सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक विनोद कुमार यादव, शिवबाबू यादव, नीरज कुशवाहा, हेड कांस्टेबल अभय प्रताप सिंह सहित सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
दोनों अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।