बीएसएनएल की भूमिगत केबल चुराने वाले अंतरराज्यीय गैंग का खुलासा, एक गैंगस्टर गोली लगने से गिरफ्तार
रिपोर्ट: मोहम्मद वसीम
कानपुर। कानपुर कमिश्नरेट की किदवई नगर पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय केबल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो कई राज्यों में बीएसएनएल और टेलीफोन विभाग की लैंडलाइन केबल चोरी कर ऊंचे दामों पर बेचता था। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गिरोह का एक कुख्यात सदस्य लाला उर्फ शमशेर (निवासी गाजियाबाद) पैर में गोली लगने से घायल होकर गिरफ्तार हुआ, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
दो दिन पहले पकड़े गए थे गिरोह के 5 सदस्य
थाना किदवई नगर पुलिस ने दो दिन पूर्व इस गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से लगभग 300 मीटर कॉपर केबल, ड्रिल मशीन, और केबल काटने के उपकरण बरामद हुए थे। पूछताछ में पता चला कि बदमाश क्रेन और ड्रिल मशीन की मदद से रात के अंधेरे में भूमिगत केबल निकालते थे और चोरी की केबल को कबाड़ियों के जरिए बेचकर लाखों रुपए कमाते थे।
रेकी के दौरान हुई मुठभेड़
घटना के बाद गिरोह के कुछ सदस्य मौके से फरार हो गए थे। शुक्रवार को पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि वही बदमाश नई वारदात की रेकी कर रहे हैं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी और चेकिंग अभियान शुरू किया।
इसी दौरान दो संदिग्ध बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा, जबकि दूसरा मौके से भाग निकला। घायल बदमाश को उपचार के लिए पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया।
10 से अधिक मुकदमों में वांछित, दो बार जा चुका जेल
गिरफ्तार बदमाश की पहचान लाला उर्फ शमशेर पुत्र इकराम, निवासी कौशांबी, जनपद गाजियाबाद के रूप में हुई। उसके खिलाफ 10 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, यह शातिर गैंगस्टर पहले भी दो बार गैंगस्टर एक्ट में जेल जा चुका है। हाल ही में इसने आगरा के थाना रकाबगंज क्षेत्र में भी इसी प्रकार की वारदात को अंजाम दिया था।
बरामदगी और कार्रवाई
पुलिस ने मौके से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक बाइक (UP32 नंबर) बरामद की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार साथी की तलाश में दबिश दी जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
टीम ने दिखाया साहस
इस पूरी सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी किदवई नगर धर्मेंद्र कुमार राम, चौकी प्रभारी लाल कॉलोनी अभिषेक सोनकर, हेड कांस्टेबल अजीत रावत व उनकी टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस आयुक्त ने टीम की त्वरित कार्रवाई और साहसिक कार्य के लिए प्रशंसा व्यक्त की है।