डॉ. राम अधार जोसफ बोले – वोट चोरी लोकतंत्र और संविधान खत्म करने की साजिश
चंदौली। विधानसभा चकिया क्षेत्र में कांग्रेस जनों ने वोट चोरी के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाकर लोकतंत्र को बचाने का संदेश दिया। अभियान की शुरुआत चकिया ब्लॉक के अमरा उत्तरी ग्राम सभा से हुई, जहाँ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव जाकर ग्रामीणों से हस्ताक्षर करवाए। इस दौरान ग्रामीणों ने भी निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और सरकार की मंशा पर सवाल उठाए।
ग्रामीणों का कहना था कि भाजपा सरकार के इशारे पर वोट चोरी की जा रही है। एक ही व्यक्ति का नाम वोटर लिस्ट में दो से तीन जगह दर्ज हो जाता है, जबकि असली मतदाताओं का नाम सूची से काट दिया जाता है। इससे लोकतंत्र की जड़ों को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। लोगों ने इस तरह की गड़बड़ियों पर नाराज़गी जताते हुए निर्वाचन आयोग से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
अमरा उत्तरी के बाद हस्ताक्षर अभियान नगर पंचायत चकिया में पहुंचा। यहाँ गांधी पार्क के पास कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक कैंप लगाकर नगरवासियों से हस्ताक्षर करवाए। नगर के लोगों ने बढ़-चढ़कर इसमें हिस्सा लिया और वोट चोरी के खिलाफ आवाज बुलंद की।
अभियान का नेतृत्व कर रहे डॉ. राम अधार जोसफ ने कहा कि “वोट चोरी केवल एक चुनावी धांधली नहीं है, बल्कि यह संविधान और लोकतंत्र की औकात खत्म करने का प्रयास है। जब आम आदमी का वोट ही सुरक्षित नहीं रहेगा, तो लोकतंत्र का क्या मतलब रह जाएगा?” उन्होंने जनता से अपील की कि वे आगे आकर इस आंदोलन का हिस्सा बनें, क्योंकि लोकतंत्र जनता की भागीदारी से ही सुरक्षित रह सकता है।
अभियान में मौजूद शशिनाथ उपाध्याय, गंगा प्रसाद, प्रदीप मिश्रा, विनोद सिंह, असगर मिर्जा, श्रीकांत पाठक, नरेंद्र प्रताप सिंह, संजय यादव, अनिल उपाध्याय, मुहम्मद अफजाल, दीपु उपाध्याय, राजाराम, पतिराज विश्वकर्मा, नागेंद्र सिंह, दीना नाथ विश्वकर्मा, जमाल अहमद, वृजकिशोर पाठक, जितेंद्र कुमार, सुभाष खरवार, मनोज वर्मा, रामबली और सूरज सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार रखे। कांग्रेस जनों का कहना है कि वोट चोरी लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा है। यदि समय रहते इस पर लगाम नहीं लगाया गया, तो आम जनता का लोकतांत्रिक अधिकार छिन जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्वाचन आयोग ने इस पर कड़ी कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी। हस्ताक्षर अभियान ने चकिया क्षेत्र में चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और मतदाता सूची में गड़बड़ियों को लेकर बहस छेड़ दी है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मानना है कि जनता की जागरूकता ही लोकतंत्र को बचाने का सबसे बड़ा हथियार है, और यह हस्ताक्षर अभियान उसी दिशा में एक मजबूत कदम है।