कानपुर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के एक्शन प्लान एवं माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर नगर चवन प्रकाश के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कमलेश कुमार मौर्य ने बुधवार को जिला कारागार, कानपुर नगर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया और जमानत योग्य विचाराधीन बंदियों की शीघ्र रिहाई हेतु उपस्थित जेल अधीक्षक एवं चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने अस्पताल, कैंटीन, पुरुष एवं महिला बैरक सहित कैदियों के पुनर्वास संबंधी कार्यों की भी समीक्षा की। अस्पताल में भर्ती मरीजों की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर उन्होंने लीगल एड डिफेंस काउंसिल को ऐसे बंदियों के जमानत प्रकरणों में त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पाकशाला और कैंटीन का निरीक्षण करते हुए अपर जिला जज/सचिव ने खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का पालन कराने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि कैंटीन में लगाए गए फूड बोर्ड स्पष्ट और विस्तृत रूप से प्रदर्शित किए जाएँ, ताकि वहां कार्यरत लोगों को खाद्य सुरक्षा संबंधी जानकारी उपलब्ध हो सके। इसी क्रम में जेल लीगल एड क्लिनिक के बाहर विधिक साक्षरता शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में अपर जिला जज/सचिव ने बंदियों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया तथा उनकी समस्याएँ सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
जिला जज के निर्देश पर कानपुर जिला कारागार का औचक निरीक्षण